हज़ारीबाग़ से बड़ी खबर
झारखंड के हज़ारीबाग़ में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच सोमवार सुबह पनतीतरी जंगल में मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी सहदेव सोरेन समेत उसके दो साथी ढेर कर दिए गए। यह इलाका बोकारो और गिरिडीह की सीमा से सटा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, सहदेव सोरेन किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था। गुप्त सूचना मिलते ही कोबरा बटालियन के जवानों ने गिरिडीह और हज़ारीबाग़ पुलिस के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तभी माओवादियों से भिड़ंत हो गई।
तीन इनामी नक्सली मारे गए, एके-47 बरामद
मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की तलाशी ली। इस दौरान तीन शव बरामद हुए, जिनकी पहचान एक करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन, 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेम्ब्रम और 10 लाख का इनामी बिरसेन गंझू के तौर पर हुई। मौके से तीन एके-47 राइफ़लें भी बरामद की गईं।
लगातार दूसरी बड़ी सफलता
नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को दो दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी सफलता मिली है। इससे पहले रविवार को पलामू के मनातू जंगल में मुठभेड़ में टीएसपीसी संगठन का 5 लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया था। वहीं 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में 10 लाख का इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो चुका है। बोकारो का रहने वाला अमित 96 नक्सली घटनाओं में वांटेड था।
झारखंड में सक्रिय नक्सली
झारखंड पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में इस समय 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं। इनमें 58 नक्सली इनामी सूची में दर्ज हैं, जिन पर कुल 5 करोड़ 46 लाख रुपये का इनाम घोषित है। औसतन हर महीने तीन नक्सली मुठभेड़ों में मारे जा रहे हैं।
मोस्ट वांटेड लिस्ट
भाकपा माओवादी के 13 बड़े नक्सली पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हैं। इनमें मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी और असीम मंडल पर एक-एक करोड़ का इनाम घोषित है। इनके अलावा अनमोल, मोछु, अजय महतो, अगेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, जयकांत और रापा मुंडा भी इस सूची में शामिल हैं।
Social Plugin